करनाल: हरियाणा के करनाल में बुधवार सुबह घने कोहरे के कारण नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। मधुबन से बसताडा टोल प्लाजा के बीच अलग-अलग स्थानों पर करीब 15 से 16 छोटे-बड़े वाहन आपस में टकरा गए, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। क्षतिग्रस्त वाहनों को हाइड्रा की मदद से हाईवे से हटाया गया और वाहनों को सर्विस लेन के जरिए निकाला गया। पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह के समय हुआ जब इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था और विजिबिलिटी बेहद कम थी।
तीन-चार जगहों पर हुए हादसे
थाना मधुबन के इंचार्ज गौरव पूनिया ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे पर तीन-चार अलग-अलग स्थानों पर वाहन आपस में टकराए हैं। प्रारंभिक जांच में सभी हादसों का कारण घना कोहरा सामने आया है। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
चालकों ने बताया हादसे का कारण
हादसे में फंसे वाहन चालकों ने भी घने कोहरे को दुर्घटना की मुख्य वजह बताया। यमुनानगर से दिल्ली की ओर जा रहे वाहन चालक बिलाल ने बताया कि नेशनल हाईवे पर चढ़ते ही कोहरा इतना घना था कि आगे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। अचानक एक बस ने ब्रेक लगा दिए, जिसके बाद पीछे से आ रहे वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए।
उन्होंने बताया कि विजिबिलिटी लगभग शून्य थी और छोटे-बड़े मिलाकर एक दर्जन से ज्यादा वाहन आपस में भिड़ गए। निजी बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
फिलहाल पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित कर लिया है और यातायात धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।
Author: Deepak Mittal








