रायपुर: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर सियासत लगातार गरमाती जा रही है। इसी बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का एक विवादित बयान सामने आया है, जिस पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा ऐतराज जताया है। बैज ने बीजेपी सरकार के मंत्रियों को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार में शामिल 14 मंत्री “मूसवा” हैं और इन्हीं लोगों ने धान को खाया है।
दीपक बैज ने कहा कि वर्ष 2028 में इन सभी को बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि धान के साथ-साथ जल, जंगल और जमीन को खाने वाले इन 14 “मूसवा” को समाप्त करना जरूरी है। बैज ने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और गली-गली जाकर इन नेताओं के कामों के बारे में जनता को बताएंगे और एक बार फिर राज्य में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।
इधर, बैज के इस बयान को लेकर बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इसे असंसदीय व आपत्तिजनक करार दिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
उल्लेखनीय है कि मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस ने आज चंदखुरी से विधानसभा चौक तक पदयात्रा की शुरुआत की। इस पदयात्रा में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री शिव डहरिया समेत कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। माता कौशल्या के दर्शन के बाद यात्रा शुरू की गई, जिसका समापन पुराने विधानसभा चौक पर किया जाएगा।
Author: Deepak Mittal









