बालोद: बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में मेला-मंडाई के दिन से लापता युवक का शव करीब तीन दिन बाद एक स्टॉप-डैम में तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार दोपहर ग्रामीणों ने डैम के पानी में शव तैरता देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दल्लीराजहरा पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान चिपरा निवासी 27 वर्षीय प्रेमचंद ठाकुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार प्रेमचंद सोमवार दोपहर करीब 3 बजे से लापता था। उसके बाद से परिवार और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। तीन दिन बाद शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी संतोष कुमार भुआर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत डूबने से हुई प्रतीत होती है। शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, हालांकि शव तीन दिन पुराना होने के कारण मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने बताया कि स्टॉप-डैम की सीढ़ियों के पास से एक शराब की बोतल भी बरामद की गई है, जिसे जब्त कर जांच में लिया गया है। यह भी जांच की जा रही है कि घटना किसी नशे की हालत में हुए हादसे से तो नहीं जुड़ी है।
स्थानीय ग्रामीण तामेश्वर सिन्हा ने बताया कि मृतक मूल रूप से डौंडी का निवासी था और बचपन से ही अपने नाना-नानी के साथ चिपरा गांव में रह रहा था। वह बिजली पोल लगाने का कार्य करता था। प्रेमचंद के पिता नवल सिंह ठाकुर का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी एक बहन की शादी हो चुकी है और वह अपनी मां का इकलौता सहारा था। ग्रामीणों के अनुसार पिछले दो वर्षों से उसके विवाह के लिए रिश्ते भी तलाशे जा रहे थे।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातमी माहौल है। मेला और त्योहार के समय हुई इस दुखद घटना से लोगों में भय और चिंता का माहौल बन गया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डैम, तालाब और नदी जैसी जगहों पर विशेष सावधानी बरतें, खासकर त्योहारों और ठंड के मौसम में। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8163194
Total views : 8187924