सिंगर-एक्टर प्रशांत तमांग की मौत की पुलिस कर रही जांच, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली: मशहूर सिंगर और एक्टर प्रशांत तमांग का रविवार 11 जनवरी को 43 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनकी मौत स्ट्रोक या कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई बताई जा रही है। हालांकि, मामले की पुष्टि के लिए पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

तमांग के करीबी दोस्त और सिंगर महेश सेवा ने बताया कि प्रशांत तमांग का रविवार सुबह करीब 9 बजे दिल्ली स्थित उनके घर पर कार्डियक अरेस्ट से निधन हुआ। परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महेश सेवा ने कहा कि कुछ दिन पहले ही उनकी तमांग से बातचीत हुई थी और वे पूरी तरह स्वस्थ नजर आ रहे थे। उनके अचानक निधन से वह गहरे सदमे में हैं।

पुलिस के अनुसार, इंडियन आइडल सीजन-3 के विजेता और वेब सीरीज पाताल लोक 2 से एक बार फिर चर्चा में आए प्रशांत तमांग को उनकी पत्नी इलाज के लिए माता चानन देवी अस्पताल लेकर पहुंची थीं, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद जांच अधिकारी अस्पताल पहुंचे और बाद में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया जारी है और एक टीम ने तमांग के आवास पर भी जांच की है। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए गए हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें किसी भी तरह की गड़बड़ी या संदेह नहीं है। परिवार के मुताबिक, प्रशांत तमांग रात में सामान्य रूप से सोए थे, लेकिन सुबह नहीं उठे।

ममता बनर्जी ने जताया शोक
इंडियन आइडल जीतने के बाद प्रशांत तमांग पश्चिम बंगाल, खासकर दार्जिलिंग और कोलकाता में घर-घर पहचाने जाने लगे थे। उनके निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “‘इंडियन आइडल’ के मशहूर सिंगर और देशभर में लोकप्रिय कलाकार प्रशांत तमांग की अचानक और असमय मौत से बेहद दुखी हूं। दार्जिलिंग की पहाड़ियों से उनकी जड़ें और कोलकाता पुलिस के साथ उनका एक समय का जुड़ाव उन्हें बंगाल के लिए खास बनाता है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *