पुराने केस का बोझ बना मौत की वजह! एसईसीएल कर्मचारी ने लगा ली फांसी

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

एमसीबी: एमसीबी जिले के झगराखांड थाना क्षेत्र से शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एसईसीएल के फिल्टर प्लांट में पंप ऑपरेटर के पद पर पदस्थ दिलीप सिंह (35 वर्ष) ने दोपहर करीब 2 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से न सिर्फ एसईसीएल कर्मचारियों में, बल्कि पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, दिलीप सिंह रोज की तरह सुबह करीब 7 बजे ड्यूटी पर पहुंचे थे। दोपहर तक जब वे नजर नहीं आए, तो सहकर्मियों को शक हुआ। तलाश के दौरान उनकी गाड़ी फिल्टर प्लांट परिसर में खड़ी मिली। जब पुराने हाजरी घर का दरवाजा खोलकर देखा गया, तो अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए—दिलीप सिंह का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। तत्काल झगराखांड पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुराना केस बना मानसिक तनाव की वजह

स्थानीय पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिलीप सिंह बीते कुछ समय से गहरे मानसिक दबाव में थे। उनके खिलाफ 2 फरवरी 2025 की रात हुए एक सड़क हादसे से जुड़ा हत्या का मामला दर्ज था। आरोप है कि उस रात वे शराब के नशे में अपनी महिंद्रा TUV 300 (CG 10 AC 5973) चला रहे थे, जिससे उनके जीजा रंजन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान रंजन सिंह की मौत हो गई, जिसके बाद दिलीप सिंह को इस मामले में मुख्य आरोपी बनाया गया।

बताया जा रहा है कि इस केस की सुनवाई जल्द शुरू होने वाली थी, जिससे दिलीप सिंह काफी परेशान और तनावग्रस्त चल रहे थे। पुलिस का मानना है कि इसी मानसिक दबाव ने उन्हें यह आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।

एसईसीएल प्रशासन और सहकर्मियों में शोक

घटना की सूचना मिलते ही एसईसीएल प्रशासन, फिल्टर प्लांट के अधिकारी और सहकर्मी मौके पर पहुंचे। एसईसीएल प्रबंधन ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। सहकर्मियों का कहना है कि दिलीप सिंह एक मेहनती और जिम्मेदार कर्मचारी थे, लेकिन कानूनी उलझन और मानसिक तनाव ने उनकी जिंदगी छीन ली।

जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

झगराखांड थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस संवेदनशील मामले में अफवाहों और अटकलों से बचें।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment