अंबिकापुर में आबकारी टीम की बड़ी रेड, 40 लाख की अवैध विदेशी मदिरा जब्त
अंबिकापुर: न्यू ईयर पार्टी में जाम छलकने से पहले ही आबकारी विभाग ने ऐसा शिकंजा कसा कि शराब माफिया के मंसूबों पर पानी फिर गया। हरियाणा से छत्तीसगढ़ लाई गई अंग्रेजी शराब की भारी खेप पर आबकारी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लैक डॉग ब्रांड की 300 पेटी शराब जब्त की है। जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है। पूरा मामला अंबिकापुर शहर से लगे कांतिप्रकाशपुर (मानिक प्रकाशपुर) क्षेत्र का है।
न्यू ईयर पार्टियों में खपाने की थी तैयारी
जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर में होने वाली न्यू ईयर पार्टियों के लिए हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब सड़क मार्ग से लाई गई थी। इस शराब को एक किराए के मकान (गोदाम) में छिपाकर रखा गया था, जहां से शहर में सप्लाई की तैयारी थी। लेकिन इससे पहले ही आबकारी विभाग की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर छापा मार दिया।
मुखबिर की सूचना पर तड़के कार्रवाई
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि नए साल के मौके पर अवैध शराब तस्करी की आशंका को देखते हुए क्षेत्र में मुखबिर तैनात किए गए थे।
मुखबिर से सूचना मिली कि दरिमा मेन रोड पर मानिक प्रकाशपुर के पास दीपक ट्रांसपोर्ट का मालिक सौरभ सिंह हरियाणा राज्य की शराब की बड़ी खेप उतार चुका है और आज शहर में सप्लाई करने वाला है।
सूचना मिलते ही आबकारी टीम ने सुबह-सुबह सौरभ सिंह को उसके घर से हिरासत में लिया और उसके किराए के गोदाम की तलाशी ली।
गोदाम से निकली 2590 लीटर विदेशी शराब
तलाशी के दौरान गोदाम से
-
300 पेटी ब्लैक डॉट (Black Dog) व्हिस्की
-
कुल 14,400 पाव
-
लगभग 2,590 लीटर विदेशी मदिरा
बरामद की गई। जब्त शराब का कुल बाजार मूल्य करीब 40 लाख रुपये आंका गया है। शराब के साथ वाहन को भी जब्त किया गया है।
आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
इस मामले में आरोपी सौरभ सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। आबकारी विभाग के अनुसार, सौरभ सिंह पहले भी अवैध अंग्रेजी शराब खपाने के मामले में जेल जा चुका है, इसके बावजूद उसने फिर से तस्करी का रास्ता अपनाया।
अवैध शराब माफिया पर कड़ा संदेश
न्यू ईयर से पहले हुई इस कार्रवाई को आबकारी विभाग की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162951
Total views : 8187577