जसीडीह–झाझा मुख्य रेलखंड पर शनिवार देर रात करीब 11:25 बजे एक बड़ा रेल हादसा सामने आया, जिससे रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया।
जसीडीह से झाझा की ओर जा रही एक मालगाड़ी के आठ डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। यह दुर्घटना टेलवा बाजार हॉल्ट के समीप बडुआ नदी पर बने पुल के पास हुई।
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मालगाड़ी के तीन डिब्बे सीधे पुल के नीचे जा गिरे, जिससे आसपास के क्षेत्र को भी नुकसान पहुंचा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज आवाज के साथ एक-एक कर कई डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई।
दुर्घटना के बाद जसीडीह–झाझा रेलखंड पर अप और डाउन दोनों ट्रैक पर रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों को रास्ते में विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया गया, जबकि कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने की व्यवस्था की जा रही है। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरीय अधिकारी, तकनीकी टीम और दुर्घटना राहत दल मौके पर पहुंच गए। क्रेन और अन्य भारी मशीनों की सहायता से पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162450
Total views : 8186843