राइस मिल में मौत का कहर: 75 क्विंटल की चिमनी गिरी, मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

राइस मिल में मौत का कहर: 75 क्विंटल की चिमनी गिरी, मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत

महाराजपुर की राइस मिल में औद्योगिक सुरक्षा पर बड़ा सवाल, दो मजदूर गंभीर घायल

राजनांदगांव। जिले के चिचोला चौकी क्षेत्र के महाराजपुर स्थित श्री जय गुरुदेव राइस मिल में शनिवार शाम एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। मिल परिसर में बनी करीब 75 क्विंटल वजनी चिमनी अचानक भरभराकर गिर पड़ी, और देखते ही देखते कामकाज का माहौल चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया।

हादसे के समय चिमनी के आसपास 25 से 30 मजदूर काम कर रहे थे। शाम करीब 4:30 बजे हुए इस भीषण हादसे में मोतीपुर निवासी मुकेश कुमार कंवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। चिमनी के भारी मलबे ने उसे संभलने तक का मौका नहीं दिया।

मलबे में दबे मजदूर, रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर
इस हादसे में गजानंद और रमेश कुमार कंवर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों ने बताया कि हालात इतने भयावह थे कि रमेश कंवर का शरीर चिमनी के मलबे और हजारों क्विंटल चावल के नीचे दब गया। रेस्क्यू के दौरान उसका ऊपरी हिस्सा किसी तरह बाहर निकाला गया, जबकि उसका एक पैर काफी देर तक मलबे और चावल के नीचे फंसा रहा। इस खौफनाक दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस
घायलों को गंभीर हालत में राजनांदगांव जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही चिचोला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतक के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़े करता है कि क्या राइस मिलों और औद्योगिक इकाइयों में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती जा रही है? जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह हादसा तकनीकी खामी था या लापरवाही का नतीजा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *