बीजापुर।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक माओवादी का शव हथियारों सहित बरामद किया गया है। मुठभेड़ थाना भैरमगढ़ क्षेत्र अंतर्गत इन्द्रावती इलाके के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में हुई, जहां डीआरजी बीजापुर की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदवाड़ा–कोटमेटा के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी बीजापुर द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। इसी दौरान 19 दिसंबर 2025 को सुबह लगभग 6 बजे से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग होती रही।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से एक माओवादी का शव बरामद किया गया है। मौके से .303 रायफल, 9 एमएम पिस्टल, विस्फोटक सामग्री तथा अन्य माओवादी सामान भी जब्त किया गया है।
मारे गए माओवादी की पहचान
नाम: फगनू माड़वी
उम्र: 35 वर्ष
निवासी: गोरना, थाना बीजापुर, जिला बीजापुर
पद: एसीएम, भैरमगढ़ एरिया कमेटी
इनाम: ₹5 लाख
बरामद हथियार एवं सामग्री
1. .303 रायफल – 01 मैगजीन, 03 राउंड
2. 9 एमएम पिस्टल – 01 मैगजीन, 09 राउंड
3. स्कैनर सेट – 02 नग
4. रेडियो सेट, मेडिकल किट, कार्डेक्स वायर
5. माओवादी पिट्ठू बैग, पिस्टल पाउच, माओवादी पर्चे सहित अन्य सामग्री
इस संबंध में बस्तर रेंज के आईजीपी सुन्दरराज पट्टलिंगम ने कहा कि वर्ष 2025 में सुरक्षा बलों की प्रभावी और समन्वित कार्रवाई के चलते बस्तर क्षेत्र में माओवादी संगठन लगातार कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि माओवाद अब अपने अंतिम चरण में है और संगठन की संरचना बिखर चुकी है।
Author: Deepak Mittal









