सदन की गरिमा पर सवाल: विपक्ष के व्यवहार पर आसंदी सख्त, स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने जताई नाराजगी
पोस्टर पहनकर सदन में पहुंचे कांग्रेस विधायक, प्रश्नकाल बाधित होने पर स्पीकर ने कहा– आचरण अमर्यादित
रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन प्रश्नकाल के दौरान सदन की कार्यवाही बाधित होने पर आसंदी ने कड़ा रुख अपनाया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विपक्षी सदस्यों के व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए इसे संसदीय मर्यादाओं के विपरीत बताया।
प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायकों द्वारा सीने पर पोस्टर लगाकर सदन में आने को लेकर सत्तापक्ष के विधायकों ने आपत्ति दर्ज कराई। इस पर हस्तक्षेप करते हुए स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि लोकहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के समय सदन की कार्यवाही बाधित करना निंदनीय है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “विपक्षी सदस्य सदन की कार्यप्रणाली और संसदीय परंपराओं से भली-भांति परिचित हैं। इसके बावजूद जो आचरण आज देखने को मिला, वह अमर्यादित है।”
स्पीकर ने आगे कहा कि वह इस विषय पर आगे निर्णय विपक्षी सदस्यों के विवेक पर छोड़ते हैं, लेकिन सदन की गरिमा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस घटनाक्रम के बाद कुछ समय तक सदन में हंगामे का माहौल बना रहा, जिससे प्रश्नकाल की कार्यवाही प्रभावित हुई।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8167285
Total views : 8194372