नेशनल हाईवे पर मौत का तांडव! भारी वाहन ने युवक को कुचला, पहचान तक मिट गई
तड़के 4 बजे रतनपुर–बिलासपुर हाईवे पर दिल दहला देने वाला हादसा, शव के टुकड़े देख सहमे लोग
बिलासपुर: रतनपुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार तड़के ऐसा भयावह मंजर देखने को मिला, जिसने राहगीरों की रूह तक कंपा दी। सुबह करीब 4 बजे एक अज्ञात भारी वाहन ने सड़क पर मौजूद एक युवक को बेरहमी से रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में सड़क पर पड़ा मिला।
हादसा सेंदरी–तुर्काडीह ब्रिज के बीच हुआ है, जो कोनी थाना क्षेत्र में आता है। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन शरीर की हालत इतनी खराब है कि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद भारी वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। सड़क पर पड़े शव को देखकर कुछ देर के लिए आवागमन भी ठहर गया।
सूचना मिलते ही कोनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन और चालक का सुराग मिल सके।
पुलिस का कहना है कि शव की पहचान होते ही परिजनों को सूचना दी जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरनाक सच को उजागर कर दिया है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8166528
Total views : 8193108