रायपुर समेत कई जिलों में तापमान गिरने की चेतावनी, सुबह कोहरा और रात में तेज सर्दी
रायपुर: छत्तीसगढ़ में इस समय कड़ाके की ठंड लोगों को परेशान कर रही है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में भीषण ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है। सुबह घना कोहरा और रात में शीतलहर के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और ज्यादा बढ़ने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने और तापमान में और गिरावट आने की चेतावनी भी जारी की गई है। विभाग ने 14 दिसंबर को राजधानी रायपुर सहित कोरिया, बिलासपुर, कोरबा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, कबीरधाम, राजनांदगांव, दुर्ग और बालोद जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है।
आमतौर पर प्रदेश में इतनी ठंड 15 दिसंबर के बाद महसूस होती थी, लेकिन इस साल दिसंबर की शुरुआत से ही सर्दी ने लोगों को कंपकंपा दिया है। शहरों और ग्रामीण इलाकों में सुबह-सुबह कोहरा और ओस की चादर सड़कों पर दिखाई दे रही है।
बढ़ती ठंड को देखते हुए कई इलाकों में लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव कर रहे हैं। वहीं, स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करने की मांग भी की है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8209612
Total views : 8249845