दुर्ग: नेहरू नगर क्षेत्र में अवैध निर्माण को हटाने पहुंची नगर निगम भिलाई जोन-1 की टीम पर सोमवार को कब्जाधारियों ने हंगामा किया। इस दौरान कब्जाधारियों ने जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत पर 5 हजार रुपए घूस लेने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कब्जाधारी दावा कर रहे हैं कि आयुक्त ने उनसे यह राशि ली थी।
जोन आयुक्त ने इस आरोप को निराधार बताया और सुपेला थाना में कब्जाधारियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और वाहन में तोड़फोड़ की शिकायत दर्ज कराई है।
नगर निगम के अनुसार, नेहरू नगर सेक्टर-9 स्थित हाउस नंबर 49/12 में पुष्पा तिवारी पति राधेश्याम तिवारी द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा था। निगम को कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं। बिना भवन अनुज्ञा के निर्माण होने पर निगम ने पिछले छह महीनों में सात बार नोटिस जारी किए—एक नोटिस भवन अनुज्ञा शाखा से और छह नोटिस जोन कार्यालय से।
कब्जाधारी ने नोटिस की अवहेलना की और चेतावनी के बावजूद निर्माण जारी रखा। इसके चलते सोमवार को नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता मौके पर कार्रवाई के लिए पहुंचा, जिसके बाद विवाद और हंगामा खड़ा हो गया।
इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और अवैध निर्माण के मामलों में पारदर्शिता तथा कानून की कठोरता पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8183352
Total views : 8215834