महासमुंद। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना बसना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप जब्त की गई है। ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा 60 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपए है। इस मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को थाना बसना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से गांजा लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर महासमुंद जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान पलसापाली बैरियर पर ओडिशा नंबर का संदिग्ध आयशर ट्रक (UP 72 BT 3907) देखा गया और उसे रोका गया।
तलाशी के दौरान ट्रक की तिरपाल के नीचे छिपाए गए तीन बोरों में 60 किलो गांजा बरामद हुआ। वाहन में मौजूद दो आरोपी सद्दाम हुसैन (34) और कियामुद्दीन (26), दोनों प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा ओडिशा से लाकर उत्तर प्रदेश में बेचने जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। परिवहन में प्रयुक्त ट्रक और दो मोबाइल सहित कुल जब्ती की कीमत लगभग 22 लाख 10 हजार रुपए आंकी गई है।
ANTF और बसना पुलिस की यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8191074
Total views : 8226435