गरियाबंद पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतरराज्यीय हीरा तस्कर गिरफ्तार, 22 बहुमूल्य पत्थर बरामद

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

देवभोग में विशेष अभियान के तहत छापा, 4 लाख की सामग्री जब्त

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने अवैध खनिज तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय हीरा तस्करों को गिरफ्तार किया है। देवभोग थाना पुलिस ने इन तस्करों के कब्जे से 22 नग बहुमूल्य चमकीले खनिज पत्थर, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी गई है।

थाना प्रभारी फैजुल हुदा शाह ने बताया कि 9 नवंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम देवभोग के शरदापुर आईटीआई कॉलेज के सामने दो संदिग्ध व्यक्ति चमकीले पत्थरों के साथ ग्राहक की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खीर सिंह मांझी (30 वर्ष), निवासी ग्राम झूलेनबर, जिला नवरंगपुर (ओडिशा) और हरीशंकर नेताम (27 वर्ष), निवासी पायलीखण्ड जुगाड़, जिला गरियाबंद (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 22 नग चमकीले हीरा जैसे पत्थर मिले, जिनकी अनुमानित कीमत ₹2.30 लाख बताई गई है। इसके साथ ही दो मोबाइल फोन और एक बाइक (क्रमांक CG 04 KB 0696) भी जब्त की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बिना किसी वैध अनुमति के इन खनिजों को ऊंचे दाम पर बेचने के लिए ग्राहक खोज रहे थे। पुलिस ने उनके खिलाफ खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 303(2), 3(5) एवं माइनिंग एक्ट की धारा 21(4) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी ने कहा कि यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य अवैध खनिज व्यापार और अंतरराज्यीय तस्करी पर अंकुश लगाना है। पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों की निगरानी कर रही है ताकि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह सफलता पुलिस की सतर्कता और खनिज संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध खनिज गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

इस कार्रवाई से गरियाबंद जिले में अवैध खनिज तस्करों के हौसले पस्त हुए हैं और पुलिस की सख्ती से क्षेत्र में कानून व्यवस्था और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *