इंस्टाग्राम पर बहला-फुसलाकर स्कूल पहुंचा युवक गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

स्कूल स्टाफ की सतर्कता से टली बड़ी वारदात, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

रायगढ़। सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग के बीच रायगढ़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाने और स्कूल से ले जाने की कोशिश करने वाला युवक पुलिस की तत्परता से गिरफ्तार कर लिया गया। यह घटना चक्रधरनगर थाना क्षेत्र की है, जहां स्कूल प्रबंधन और पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से संभावित अपराध टल गया।

मिली जानकारी के अनुसार, चक्रधरनगर निवासी व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 नवंबर को उसकी नाबालिग बेटी के स्कूल से फोन आया कि एक युवक छात्रा को ले जाने आया है। वह स्वयं को उसका रिश्तेदार बताकर स्कूल प्रबंधन को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा था। पिता के पहुंचने पर छात्रा ने बताया कि आरोपी पिछले चार दिनों से इंस्टाग्राम पर उससे बातचीत कर रहा था और बार-बार मिलने का दबाव बना रहा था।

युवक शनिवार को मारुति सुजुकी कार से स्कूल पहुंचा और छुट्टी के बहाने छात्रा को अपने साथ ले जाने की कोशिश की, लेकिन स्कूल स्टाफ ने तत्काल सतर्कता दिखाई और परिजनों को सूचना दी। इस दौरान चक्रधरनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 497/2025 धारा 78(2) एवं 333 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान आशीष भगत (25 वर्ष), पिता मोहन भगत, निवासी केलो विहार, थाना चक्रधरनगर के रूप में हुई। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, सहायक उप निरीक्षक नंद कुमार सारथी और उनकी टीम ने की। पुलिस का यह त्वरित कदम न केवल एक नाबालिग छात्रा को संभावित अपराध से बचाने में सफल रहा, बल्कि समाज के लिए भी एक चेतावनी साबित हुआ है कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग से सतर्क रहना जरूरी है।

रायगढ़ पुलिस की अपील
पुलिस ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर निगरानी रखें। बच्चों को यह समझाना आवश्यक है कि अनजान लोगों से चैटिंग, निजी जानकारी साझा करना या मुलाकात करना खतरनाक हो सकता है। सतर्कता और संवाद ही ऐसे अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *