रायपुर। महासमुंद जिले में अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने शुक्रवार को कड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशानुसार जिला खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम बड़गांव स्थित महानदी रेत घाट पर छापा मारा और मौके से चार नौकाएं जब्त कर लीं, जिनका इस्तेमाल नियमविरुद्ध रेत निकासी के लिए किया जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महानदी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से रेत की अवैध खुदाई और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। तत्काल संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने टीम गठित कर जांच के आदेश दिए। टीम ने सुबह बड़गांव रेत घाट पर छापामार कार्रवाई की, जहां कई लोग रेत उत्खनन करते पाए गए और पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया।
जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि जब्त नौकाओं को फिलहाल थाने में रखा गया है और मामले की आगे जांच जारी है। संबंधित ठेकेदारों और नौका मालिकों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध है।
कलेक्टर ने सभी खनिज निरीक्षकों और तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करें और अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें। पुलिस विभाग ने कहा कि दोषियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
प्रशासन ने यह भी कहा कि महासमुंद जिले में रेत माफिया के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि नदियों के पारिस्थितिक संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। कलेक्टर विनय लंगेह ने कहा,
“रेत जैसे प्राकृतिक संसाधनों का दोहन नियमों के तहत ही होना चाहिए। अवैध उत्खनन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। जिला प्रशासन पूरी सख्ती से ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।”
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8166979
Total views : 8193847