रायपुर। राजधानी पुलिस को ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रायपुर रेंज साइबर थाना की टीम ने अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मध्यप्रदेश और आंध्रप्रदेश में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर शेयर ट्रेडिंग, ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब और निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है।
तीन बड़े केसों का खुलासा
केस 1:
प्रार्थी पृथ्वीराज सिंह ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके साथ शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 20 लाख रुपये की ठगी की गई। अपराध क्रमांक 176/25 धारा 318(4), 3(5) भा.न्या.सं. एवं 66(D) IT एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। तकनीकी विश्लेषण से आरोपी प्रयल अस्थाना की पहचान हुई, जो घटना के बाद लगातार स्थान बदल रहा था। पुलिस टीम ने ग्वालियर (मध्यप्रदेश) में रेड कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए।
केस 2:
प्रार्थी युवराज पिस्दा ने थाना मुजगहन में रिपोर्ट दी थी कि ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के बहाने उनसे 7.4 लाख रुपये की ठगी की गई। अपराध क्रमांक 149/24 धारा 420 भादवि दर्ज कर बैंक खातों का विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी नेहरू लाल और मयंक पटेल ने मुंबई स्थित बैंक शाखा में खाता खोलकर अन्य साथियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
केस 3:
प्रार्थी डाकेस्वर सिंह ने थाना सरस्वती नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि शेयर ट्रेडिंग में अत्यधिक लाभ का लालच देकर उनसे 71 लाख रुपये की ठगी की गई। अपराध क्रमांक 218/25 धारा 318(4) भा.न्या.सं. के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में आरोपी जयराम वाजेंदला की संलिप्तता सामने आई, जिसने बैंक में करंट खाता खोलकर अन्य आरोपियों के साथ मिलकर यह अपराध किया। पुलिस ने आरोपी को आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
-
प्रयल अस्थाना, पिता प्रदीप अस्थाना, उम्र 31 वर्ष, निवासी बिरला, ग्वालियर (मध्यप्रदेश)
-
नेहरू लाल, पिता सुखदेव, उम्र 23 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 09, सावित्रीपुर, थाना बसंतपुर, जिला बलरामपुर
-
मयंक कुमार पटेल, पिता सच्चिदानंद पटेल, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम सावित्रीपुर, थाना बसंतपुर, जिला बलरामपुर
-
जयराम वाजेंदला, पिता वीरा राघव राव, उम्र 52 वर्ष, निवासी साई होम्स, पेड़ाघंटियाडा, विशाखापट्टनम (आंध्रप्रदेश)
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत अब तक कई साइबर अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई की जा चुकी है। आने वाले दिनों में इस तरह के अंतर्राज्यीय ठग गिरोहों के खिलाफ सघन अभियान जारी रहेगा।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8189068
Total views : 8223649