20 लाख की गबन में महिला सचिव गिरफ्तार, बिहान योजना की किश्तें हड़पने का आरोप
दुर्ग। पुलगांव पुलिस ने बिहान योजना की राशि गबन करने के आरोप में महिला सचिव मनीता निषाद को गिरफ्तार किया है। आरोपी सचिव पर 19 महिला स्व सहायता समूहों से करीब 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने यह राशि अपने कोटनी और नांदगांव स्थित मकानों के निर्माण में खर्च की है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, महिला के खिलाफ दो अलग-अलग समूह अध्यक्षों ने शिकायत दर्ज कराई थी। पहली शिकायत प्रगति स्व सहायता समूह की अध्यक्ष हेमकल्याणी साहू ने की, जिसमें बताया गया कि आरोपी मनीता निषाद ने सरस्वती, मां बगदई, लक्ष्मी, एकता, सखी, धन लक्ष्मी, दुर्गा, गरिमा और प्रज्ञा महिला स्व सहायता समूह से 6.19 लाख रुपए का गबन किया।
वहीं दूसरी शिकायत नव जागृति समूह की अध्यक्ष दिव्या साहू ने दर्ज कराई, जिसमें आरोपी पर नव जागृति, उज्जवला, आस्था, राधे-राधे, साधना, प्रेरणा, प्रगति, नवा अंजोर, जय मां शीतला और वैभव महिला समूह से 13.87 लाख रुपए गबन करने का आरोप लगाया गया है।
दोनों समूह की अध्यक्षों ने बताया कि बिहान योजना के तहत समूहों ने बैंक से ऋण लिया था। किस्त जमा करने की जिम्मेदारी सचिव मनीता निषाद को सौंपी गई थी। वह हर माह समूहों से किश्त की राशि वसूलती थी, लेकिन उसे बैंक में जमा नहीं कर रही थी। जब बैंक ने बकाया किश्तों को लेकर नोटिस जारी किया, तब पूरे गबन का खुलासा हुआ।
पंचायत स्तर पर आरोपी को कई बार समझाइश दी गई और पैसा लौटाने को कहा गया, लेकिन वह करीब 17 महीने तक फरार रही। हाल ही में वापस लौटने पर समूह की महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलगांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8166967
Total views : 8193824