‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण : मंत्रालय महानदी भवन में मनाया गया स्मरणोत्सव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश प्रसारित, राष्ट्रगीत के प्रति व्यक्त की गई श्रद्धा और गौरवभावना
रायपुर। राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज मंत्रालय महानदी भवन में “वंदे मातरम् स्मरणोत्सव” का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर मंत्रालय के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगीत के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” का गायन किया।
कार्यक्रम के दौरान नई दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने “वंदे मातरम्” को देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रगीत केवल एक गीत नहीं, बल्कि मां भारती के प्रति आराधना है। उन्होंने इस अवसर पर स्मारक डाक टिकट और स्मारक सिक्का भी जारी किया। यह उत्सव पूरे वर्षभर — 7 नवंबर 2025 से 7 नवंबर 2026 तक — मनाया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत के सुरों से हुई, जिसके बाद वक्ताओं ने “वंदे मातरम्” के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह गीत स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना जगाने वाला प्रेरणास्रोत रहा है।
इस अवसर पर मंत्रालय के बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन कर राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था, समर्पण और गर्व की भावना प्रकट की।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8199327
Total views : 8237042