रायपुर। आउटडोर स्टेडियम बुढ़ापारा में 8 और 9 नवंबर 2025 को संध्या 5 बजे से 10 बजे तक नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने इस आयोजन को सुरक्षित और सहज बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।
आयोजन स्थल शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में स्थित है और यहां पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है। अतः आयोजकों ने दर्शकों से अपील की है कि वे यथासंभव दोपहिया वाहन या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। अन्य जिलों से कार या बस से आने वाले दर्शक गास मेमोरियल ग्राउंड (काली माता मंदिर के सामने, आकाशवाणी चौक) में वाहन पार्क कर सकते हैं। इसके अलावा सीमित गाड़ियों के लिए गांधी मैदान, सप्रे स्कूल ग्राउंड, मारवाड़ी श्मशान घाट और महाराजबंद तालाब किनारे मार्ग में पार्किंग की सुविधा पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी।
चारपहिया वाहन लाने वाले दर्शकों से अनुरोध है कि वे चालक के साथ आएं ताकि वाहन सुरक्षित स्थान पर पार्क कर ई-रिक्शा या ऑटो से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचा जा सके।
आकस्मिक प्रबंधों के तहत श्री हनुमान मंदिर पुराने धरना स्थल से सप्रे स्कूल गेट तक का मार्ग 3 बजे दोपहर से 11 बजे रात तक सामान्य आवागमन के लिए बाधित रहेगा। इस दौरान बिजली ऑफिस, कालीबाड़ी चौक, पुलिस लाइन पिछले गेट से बुढ़ेश्वर मंदिर मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन का उद्देश्य है कि सभी दर्शक इस साहसिक खेल का आनंद सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से ले सकें।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8199327
Total views : 8237042