रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार देर रात तीन अलग-अलग सड़क हादसों ने शहर को झकझोर दिया। मौदहापारा, टिकरापारा और आरंग थाना क्षेत्रों में हुए इन हादसों में चार युवकों की जान चली गई। पुलिस ने बताया कि सभी हादसे तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण हुए।
मौदहापारा थाना क्षेत्र के घड़ी चौक पर हुई दुर्घटना में तेज रफ्तार कार लक्ष्मी मेडिकल स्टोर और पास की दुकानों से जा टकराई। कार में सवार सिमगा निवासी ज्ञानेंद्र जैन, अतुल साहू, पुष्पेंद्र साहू, पियूष साहू और एक अन्य साथी पार्टी मनाने रायपुर आए थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दुकानों के शटर टूट गए और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में पुष्पेंद्र साहू गंभीर रूप से घायल हुआ और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुष्पेंद्र चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे।
टिकरापारा थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर कैनाल रोड पर लोरमी निवासी शिवसागर दिवाकर और महासमुंद निवासी राजा पटेल बाइक से लालपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे छोटा हाथी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
तीसरा हादसा आरंग थाना क्षेत्र के रसनी टोल प्लाजा के पास हुआ। आरंग निवासी यश चंद्राकर राज्योत्सव देखकर लौटते समय बाइक पर नियंत्रण खो बैठे और खंभे से टकरा गए। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने राजधानी में सड़क सुरक्षा और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8199336
Total views : 8237051