दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने खुर्सीपार और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र से कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 2,415 से अधिक नशीली कैप्सूल, नगदी रकम, मोबाइल फोन और वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति खुर्सीपार आईटीआई ग्राउंड में नशीली कैप्सूल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रजनीश पांडे, विपिन जेम्स, श्याम कन्हैया विश्वकर्मा, रणजीत राम, अभिजीत साहू और अरबाज खान उर्फ बाबू को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 2,044 नशीली कैप्सूल, नगदी 1,300 रुपए, 6 मोबाइल, एक टाइटन घड़ी और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई।
इसी तरह, पद्मनाभपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि मानस भवन के पीछे रविशंकर स्टेडियम के पास नशीली दवाएं बेची जा रही हैं। टीम ने मौके पर पहुंचकर दो आरोपियों फैजान अहमद और साहिल कुमार यादव को पकड़ा।
दोनों के पास से ट्रामाडोल टैबलेट की 45 स्ट्रिप (371 कैप्सूल), 1,110 रुपए नगद, एक एक्टिवा और दो मोबाइल जब्त किए गए।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 21(सी), 8, 27(ए) एनडीपीएस एक्ट एवं 111(3) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि ये आरोपी युवाओं को नशे की लत में फंसाने के लिए अवैध रूप से नशीली दवाओं की बिक्री कर रहे थे। यह कार्रवाई नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की सख्त नीति को दर्शाती है।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8181049
Total views : 8212723