राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुंगेली पुलिस ने दी अद्भुत एकजुटता की मिसाल
निर्मल अग्रवाल ब्यूरो प्रमुख मुंगेली 8959931111
सरगांव- सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर थाना सरगांव द्वारा आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम ने स्थानीय स्तर पर देश की एकता, अखंडता और फिटनेस को मजबूत करने का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा पु से) के दिशानिर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा (रा पु से) एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पथरिया नवनीत पाटिल (रा पु से) के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने की प्रेरणा प्रदान की।

थाना सरगांव ने इस महत्वपूर्ण कार्य के माध्यम से न केवल कानून व्यवस्था का निर्वहन किया, बल्कि समाज को एकजुट करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का मार्ग प्रशस्त किया, जो पुलिस को मात्र रखवाले से आगे मार्गदर्शक और सहयोगी के रूप में स्थापित करता है।

कार्यक्रम की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि से हुई। इसके बाद सभी उपस्थित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई।

शपथ में कहा गया, “मैं प्रतिज्ञा करता हूँ कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को अक्षुण बनाए रखूंगा और अपने देशवासियों के बीच भाईचारा और सौहार्द की भावना को सुदृढ़ करूंगा।” कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने मिलकर संकल्प लिया: “एकता है बल और उन्नति का आधार, आओ इसे अपनाकर राष्ट्र उन्नति का सपना साकार करें।” यह संकल्प केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे कर्म में परिणत करने के लिए सभी ने एकजुट होकर जिम्मेदारी निभाने का वादा किया।’

रन फॉर यूनिटी’ से पूर्व नगर के विभिन्न विद्यालयों में विशेष आयोजन हुए, जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। नगर पंचायत सरगांव में भव्य रूप से आयोजित दौड़ में बड़ी संख्या में युवा, छात्र और नागरिकों ने भाग लिया, जो देश की एकता को मजबूत करने का प्रतीक बना। कार्यक्रम में सरगांव थाना प्रभारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी घनश्याम शर्मा, नायाब तहसीलदार लीलाधर क्षत्रिय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र शर्मा, जिला महामंत्री भाजपा कैलाश सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू, प्रदेश कार्य समिति सदस्य भाजयुमो रणजीत सिंह हुरा, जनपद पंचायत अध्यक्ष चित्तरेखा जांगड़े, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष दीपिका कौशिक, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि चंद्रशेखर कौशिक, तरुण अग्रवाल, कमल अग्रवाल, निर्मल दिवाकर, दुर्गेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, पत्रकार बंधु और विद्यार्थी शामिल हुए।इस अवसर पर जिला महामंत्री भाजपा कैलाश सिंह ठाकुर ने कहा, “सरदार पटेल की जयंती पर यह आयोजन देश की एकता को मजबूत करने का प्रतीक है।

‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के माध्यम से हम सबको फिट रहने और एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।” मंडल अध्यक्ष पोषण यादव ने अपने वक्तव्य में कहा, “रन फॉर यूनिटी जैसे कार्यक्रम युवाओं में जोश भरते हैं और राष्ट्रीय एकता का संदेश घर-घर पहुंचाते हैं। सरगांव की यह पहल पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक है।” नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू ने कहा, “यह आयोजन न केवल फिटनेस को बढ़ावा देता है, बल्कि सरदार पटेल के आदर्शों को जीवंत करता है।

हम सभी को इस संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा ताकि भारत और मजबूत बने।” मुंगेली पुलिस प्रशासन की इस पहल ने स्थानीय समुदाय में उत्साह का संचार किया, जो राष्ट्रीय एकता दिवस को स्मरणीय बनाने में सफल रही। पुलिस विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया कि वे समाज के हर क्षेत्र में सहयोगी बनकर एक मजबूत भारत के निर्माण में योगदान देंगे।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162774
Total views : 8187335