छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, बिल हाफ योजना में बढ़ सकती है सीमा 100 से 200 यूनिट
रायपुर। छत्तीसगढ़ के लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संकेत दिए हैं कि राज्य सरकार बिजली बिल हाफ योजना में संशोधन कर सकती है, जिससे हाफ बिल योजना की सीमा 100 यूनिट से बढ़ाकर 200 यूनिट तक हो सकती है।
मुख्यमंत्री ने जताई चिंता
गुरुवार को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उपभोक्ताओं की चिंताओं से पूरी तरह अवगत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिजली बिलों में होने वाले किसी भी निर्णय का उद्देश्य जनता को राहत देना ही होगा।
उपभोक्ताओं की उम्मीदें बढ़ीं
हाल ही में हाफ बिल योजना में संशोधन के कारण कई छोटे और मध्यम वर्गीय परिवार योजना से बाहर हो गए थे और उनका मासिक बिल दोगुना हो गया। मुख्यमंत्री साय के बयान के बाद उपभोक्ताओं में नई उम्मीद जगी है कि योजना की सीमा बढ़ाई जाएगी। ऊर्जा विभाग सूत्रों के अनुसार सरकार उपभोक्ताओं की खपत सीमा और श्रेणी का नया आकलन कर रही है और अगले कुछ हफ्तों में संशोधित नीति जारी होने की संभावना है।
सूर्य घर योजना पर भी विचार
मुख्यमंत्री ने पीएम सूर्य घर योजना को लेकर भी संकेत दिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सब्सिडी की प्रक्रिया में संशोधन पर विचार कर रही है, ताकि उपभोक्ताओं को प्रारंभिक निवेश के समय आर्थिक राहत मिल सके और अधिक लोग सौर ऊर्जा योजना से जुड़ सकें।
जनहित और हरित ऊर्जा दोनों को बल
यदि योजना की सीमा बढ़ती है, तो लगभग 30 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को सीधी राहत मिलेगी। साथ ही, राज्य में हरित ऊर्जा उत्पादन को भी बल मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह भरोसा दिया कि राज्य सरकार की ऊर्जा नीतियां पारदर्शी और जनहितैषी होंगी, और निर्णय लेते समय सभी वर्गों—गरीब, किसान, कर्मचारी और व्यापारी—का ध्यान रखा जाएगा।
छत्तीसगढ़ में बिजली बिल हाफ योजना में यह संभावित संशोधन उपभोक्ताओं के लिए अर्थिक राहत और ऊर्जा नीति सुधार का संदेश माना जा रहा है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8207327
Total views : 8247032