CM विष्णुदेव साय ने गांधी और शास्त्री को दी श्रद्धांजलि, कहा– उनके आदर्श आज भी हैं राष्ट्र की दिशा

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर के आजाद चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा और शास्त्री चौक स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी के सिद्धांतों और आदर्शों को याद करते हुए कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग से भारत के स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। उन्होंने स्वच्छता और सादगी को जीवन का हिस्सा बनाकर राष्ट्र को एक मजबूत संदेश दिया।

पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका योगदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्र भारत के निर्माण में अमूल्य रहा है। सादगी, अनुशासन और सत्य से परिपूर्ण शास्त्री जी ने “जय जवान – जय किसान” का नारा देकर किसानों और जवानों की ताकत को राष्ट्र की शक्ति के रूप में स्थापित किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गांधी और शास्त्री जी के आदर्श हमें आज भी मार्गदर्शन देते हैं और उनकी प्रेरणा से देश आत्मनिर्भरता और परिश्रम के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment