रायपुर। राजधानी रायपुर में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) के एक अफसर पर गंभीर आरोप लगे हैं। कांग्रेस समर्थक हेमंत चंद्राकर ने कोतवाली थाने में दर्ज शिकायत में दावा किया है कि पूछताछ के नाम पर उन्हें मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी गई। यही नहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके करीबी सहयोगियों के खिलाफ गवाही देने के लिए जबरन दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है।
पीड़ित हेमंत चंद्राकर, जो रोहणीपुरम की कंचनगंगा कॉलोनी के निवासी हैं, ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि 29 सितंबर की सुबह 10.30 बजे वे रायपुर स्थित ईडी दफ्तर पूछताछ के लिए पहुंचे थे। लेकिन यह पूछताछ रात 8.30 बजे तक चली, और फिर उन्हें अगले दिन भी आने के लिए कहा गया।
हेमंत का आरोप है कि इस दौरान ईडी अधिकारी ने न केवल मारपीट की बल्कि उनसे यह स्वीकार करवाने की कोशिश की कि बघेल समर्थक विजय भाटिया, रामगोपाल अग्रवाल, आशीष वर्मा, मंदीप चावला और उनके एजेंट कमीशन लेकर काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि परिवार को भी डराने और उत्पीड़ित करने की धमकियां दी गईं ताकि उनसे जबर्दस्ती अवैध बयान लिया जा सके।
चंद्राकर ने थाना प्रभारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8212273
Total views : 8253126