GST 2.0: देश के नाम संबोधन के बाद अब PM मोदी ने लिखा पत्र, जनता से की ये खास अपील

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

देशभर में आज नवरात्रि के पहले दिन यानि 22 सितंबर से जीएसटी की नई दरों को लागू कर दिया गया है। इसके तहत पहले के दो टैक्स स्लैब्स को हटा दिया गया है। इसके साथ ही कई वस्तुओं को सस्ता करने के लिए उनके टैक्स स्लैब्स में बदलाव किया गया है।

पीएम मोदी ने इसे GST बचत उत्सव कहा है। उन्होंने देश के आम नागरिकों के लिए इस पहल को डबल धमाका बताया है। पीएम मोदी ने इससे पहले देश को संबोधित करते हुए भी इसका जिक्र किया था। इसके साथ ही उन्होंने स्वदेशी सामानों को भी अपनाने की अपील की है। पीएम मोदी ने आज एक पत्र लिखा है, जिसमें भी उन्होंने इन बातों का जिक्र किया है।

पीएम मोदी ने पत्र में लिखा, “मेरे प्यारे देशवासियों, नमस्कार! आपको और आपके परिवार को शक्ति की उपासना के पर्व नवरात्रि की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मेरी प्रार्थना है, ये त्योहार आप सभी के जीवन में सुख और समृद्धि लेकर आएं। इस वर्ष त्योहारों में हमें एक और उपहार मिल रहा है। 22 सितंबर से Next Generation GST Reforms लागू होने के साथ ही पूरे देश में ‘बड़ा बचत अभियान’ की शुरुआत हो गई है। इन रियायतों से किसान, महिला, युवा, गरीब, मध्यम वर्ग, व्यापारी, लघु उद्योग, कुटीर उद्योग, सभी को फायदा होगा।”

उन्होंने आगे लिखा, “नए GST रिफॉर्मों की विशेषता है कि अब प्रमुख रूप से सिर्फ दो ही टैक्स स्लैब रहेंगे। रोजमर्रा की जरूरी चीजें जैसे खाना, दवाइयां, साबुन, टूथपेस्ट और कई आम सामान अब या तो टैक्स-फ्री होंगे या 5% की सबसे कम स्लैब में आएंगे। घर बनाने, गाड़ी खरीदने, बाहर खाने या परिवार के साथ छुट्टियां मनाने जैसे सपनों को पूरा करना अब आसान होगा। हेल्थ इंश्योरेंस पर भी अब GST को शून्य कर दिया गया है। मुझे ये देखकर अच्छा लगा कि कई दुकानदार और व्यापारी ‘पहले और अब’ के बोर्ड लगाकर लोगों को बता रहे हैं कि कोई सामान कितना सस्ता हो गया है।”

पीएम मोदी ने पत्र में लिखा, “हमारी GST यात्रा 2017 में शुरू हुई थी। तब देश को अनेक तरह के टैक्स और टोल के जाल से मुक्ति मिली थी। इससे ग्राहकों और व्यापारियों, कारोबारियों को बहुत राहत मिली थी। अब ये नेक्स्ट जनरेशन GST रिफॉर्म हमें और आगे ले जा रहे हैं। इसमें सिस्टम को और सरल बनाया गया है। इससे हमारे दुकानदार साथियों, लघु उद्योगों की सहूलियत और बढ़ेगी।”

पीएम मोदी ने लिखा, “नागरिक देवो भव: हमारा मंत्र है। पिछले 11 वर्षों में हमारे प्रयासों से 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। देश में एक नियो मिडिल क्लास तैयार हुआ है। अब इसे और सशक्त बनाया जा रहा है। हमने मध्यम वर्ग को भी मजबूत किया है। 12 लाख रुपये तक की आय पर कोई टैक्स नहीं लिया जा रहा है। अगर इनकम टैक्स से छूट और नए GST Reforms को मिलाकर देखें, तो देशवासियों के सालाना लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये बचेंगे।”

पीएम मोदी ने आगे लिखा, “देश ने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लिया है और इसे सिद्ध करने के लिए आत्मनिर्भरता के रास्ते पर चलना जरूरी है। नए GST रिफॉर्मों से आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी तेज गति मिलेगी। आत्मनिर्भरता के लिए आवश्यक है कि हम स्वदेशी को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। हमें इसे कोई भी हो, कंपनी कोई भी हो, अगर उसने भारतीय श्रमिक और कारीगर की मेहनत लगाई है, तो वो स्वदेशी है। जब भी आप अपने देश के कारीगरों, श्रमिकों और इंडस्ट्री के बनाए सामान को खरीदते हैं, तो आप कई परिवारों की रोजी-रोटी में मदद करते हैं और देश के युवाओं के लिए रोजगार पैदा करते हैं।”

आखिरी में पीएम मोदी ने लिखा, “मैं अपने दुकानदारों और व्यापारियों से भी अपील करता हूं कि वो स्वदेशी सामान ही बेचें। आइये गर्व से कहें, ये स्वदेशी है। आपके घर की बचत बढ़े, आपके सपने पूरे हों, आप अपने पसंद की चीजों के साथ त्योहारों की चमक बढ़ाएं… मेरी यही कामना है। एक बार फिर, मैं आपको नवरात्रि के साथ ही ‘GST बचत उत्सव’ की शुभकामनाएं देता हूं। धन्यवाद। आपका, नरेन्द्र मोदी।”

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *