बालोद। छत्तीसगढ़ शासन के उपक्रम राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम द्वारा खरीफ मौसम में किसानों के लिए प्रमाणित बीज उत्पादन कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस योजना से जुड़कर किसान न सिर्फ अपनी उपज बढ़ा सकते हैं बल्कि सामान्य धान खरीदी की तुलना में प्रति एकड़ हजारों रुपये ज्यादा कमा सकते हैं।
जिला बीज निगम संयोजक श्रीमती माधुरी बाला ने बताया कि प्रमाणित बीज उपयोग करने से किसानों को 10 से 15 प्रतिशत अधिक उत्पादन मिलता है। बीज निगम किसानों से सीधा उत्पादन कार्यक्रम के तहत बीज क्रय करता है और बाजार भाव से कहीं अधिक दर पर भुगतान करता है।
इतना है लाभ
धान मोटा किस्म : 3843 रुपये प्रति क्विंटल (शासन दर से 743 रुपये अधिक)
धान पतला किस्म : 4011 रुपये प्रति क्विंटल
धान सुगंधित किस्म : 4444 रुपये प्रति क्विंटल
पिछले खरीफ सीजन में किसानों को धान खरीदी की सामान्य दर 3100 रुपये प्रति क्विंटल के मुकाबले औसतन 15,000 रुपये प्रति एकड़ तक ज्यादा आमदनी हुई। 1 हेक्टेयर जमीन वाले किसान को लगभग 40,000 रुपये तक का अतिरिक्त लाभ मिला।
किसानों के लिए आसान प्रक्रिया
जिन किसानों के पास कम से कम 2.5 एकड़ जमीन है, वे मामूली शुल्क पर छत्तीसगढ़ राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था में पंजीयन करा सकते हैं।
पंजीयन के बाद बीज उत्पादन का पूरा प्रशिक्षण और तकनीकी जानकारी निगम के अधिकारी देंगे।
फसल कटने पर बीज को बीज प्रक्रिया केंद्र में जमा करने पर एक सप्ताह के भीतर 60% अग्रिम राशि किसानों को मिल जाती है।
शेष 40% राशि बीज परीक्षण परिणाम आने के बाद लगभग 2 माह के भीतर दी जाती है।
31 अगस्त तक जरूरी है पंजीयन
श्रीमती माधुरी बाला ने बताया कि शासन स्तर पर उत्पादन अनुदान बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। अगर यह लागू होता है तो किसानों को और ज्यादा लाभ मिलेगा। उन्होंने किसानों से अपील की है कि इस सुनहरे अवसर को हाथ से न जाने दें और 31 अगस्त तक अनिवार्य रूप से पंजीयन कराएं।
यह खबर किसानों के लिए सीधे आर्थिक लाभ का मौका है। सही समय पर पंजीयन कराने पर किसान सामान्य धान बेचने की तुलना में लाखों रुपये ज्यादा कमा सकते हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8156579
Total views : 8177650