रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार आज सम्पन्न हुआ। इस मौके पर गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत, और राजेश अग्रवाल ने राजभवन में मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।गजेंद्र यादव, जो दुर्ग से विधायक हैं, अब राज्य के नए मंत्री बन गए हैं। मंत्रिमंडल में उनकी एंट्री को दक्षिण-पश्चिम छत्तीसगढ़ को राजनीतिक और प्रशासनिक प्रतिनिधित्व देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
शपथ समारोह में सीमित आमंत्रण, पत्रकार रहे दूर
इस बार का शपथ ग्रहण समारोह विशेष रहा। पत्रकारों को आमंत्रण नहीं दिया गया, जिससे मीडिया की उपस्थिति सीमित रही। केवल ANI को ही कवरेज की अनुमति दी गई।
कार्यक्रम के लिए विशेष आमंत्रण कार्ड भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और चुनिंदा शासकीय अधिकारियों को वितरित किए गए थे। शपथ समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ-साथ कैबिनेट मंत्री, सभी भाजपा विधायक, कलेक्टर, कमिश्नर और अपर कलेक्टर मौजूद रहे।
14 मंत्रियों का नया संतुलन
अब छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में कुल 14 मंत्री शामिल हो चुके हैं। 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए अधिकतम 13.5 मंत्री बनाए जा सकते हैं और इसी संवैधानिक सीमा को ध्यान में रखते हुए यह विस्तार किया गया है। हरियाणा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी 14 मंत्रियों का फार्मूला अपनाया गया है।
भाजपा की क्षेत्रीय रणनीति साफ
गजेंद्र यादव के साथ-साथ राजेश अग्रवाल और गुरु खुशवंत को शामिल कर भाजपा ने साफ कर दिया है कि वह क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति पर काम कर रही है:
-
राजेश अग्रवाल से सरगुजा संभाग को प्रतिनिधित्व मिला।
-
गुरु खुशवंत से मध्य छत्तीसगढ़ को भागीदारी मिली।
-
गजेंद्र यादव से दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र को सशक्त किया गया।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह विस्तार भाजपा के आगामी चुनावी रणनीति का हिस्सा है जो संगठन को भौगोलिक और जातीय संतुलन के साथ आगे बढ़ाना चाहता है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सख्त प्रोटोकॉल
राजभवन में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए गेट्स पर सख्त चेकिंग की गई। पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिए गए थे कि समारोह पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रहे। सूत्रों के अनुसार तीनों नामों की पुष्टि सोमवार देर रात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद हुई।
जगह-जगह जश्न, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
गजेंद्र यादव के मंत्री बनने की खबर मिलते ही दुर्ग सहित उनके विधानसभा क्षेत्र में ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मिठाइयां बांटीं, एक-दूसरे को बधाई दी। समर्थकों का कहना है कि यह नियुक्ति न केवल क्षेत्र की उम्मीदों को पूरा करती है, बल्कि पार्टी में नया जोश भी भरती है।
छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया अध्याय
गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत और राजेश अग्रवाल का मंत्रिमंडल में शामिल होना केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि भाजपा की रणनीतिक सोच का हिस्सा माना जा रहा है। इससे पार्टी को न केवल संगठनात्मक मजबूती मिलेगी, बल्कि यह विस्तार भविष्य के चुनावी समीकरणों में भी निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165003
Total views : 8190829