बिलासपुर। फ्लाई बिग एयरलाइंस द्वारा संचालित बिलासपुर-अंबिकापुर हवाई सेवा को कंपनी ने अचानक बंद कर दिया है। पहले सप्ताह में छह दिन उड़ान भरने वाली यह फ्लाइट यात्रियों की कम संख्या के चलते पहले ही तीन दिन तक सीमित कर दी गई थी। अब मानसून सीजन में दृश्यता की कमी का हवाला देते हुए सेवा को पूरी तरह से रोक दिया गया है।
कंपनी की वेबसाइट और टिकट बुकिंग पोर्टल भी फिलहाल बंद कर दिए गए हैं, जिससे अब इस रूट पर टिकटों की बिक्री नहीं हो रही है। एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल उड़ान सेवा अस्थायी रूप से बंद की गई है, लेकिन सेवा के दोबारा शुरू होने को लेकर कोई तय समयसीमा नहीं बताई गई।
महज 1048 रुपये में सफर की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद यात्रियों की कम संख्या के कारण यह सेवा नुकसान में जा रही थी। फ्लाइट बंद होने से बिलासपुर और अंबिकापुर के बीच हवाई यात्रा की सुविधा का लाभ लेने वाले यात्रियों को भारी निराशा हुई है।
गौरतलब है कि यह हवाई सेवा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा था। अब इस सेवा के रुक जाने से दोनों शहरों के बीच तेज और सुगम आवागमन की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8231892
Total views : 8278319