रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज वाराणसी में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक में सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने की। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सहकारी और प्रतिस्पर्धी संघवाद” के मंत्र को जमीन पर उतारने को लेकर गहन विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे।
विषयों पर हुई गहन चर्चा
बैठक में राज्यों के बीच समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से सुरक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, परिवहन, आपदा प्रबंधन और अधोसंरचना विकास जैसे विविध विषयों पर गंभीर और सार्थक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के राज्यहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया और केंद्र एवं अन्य राज्यों से सहयोग की उम्मीद जताई।
सीएम साय का वक्तव्य
बैठक के बाद मुख्यमंत्री साय ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा—
“प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘सहकारी एवं प्रतिस्पर्धी संघवाद’ के मंत्र को साकार करने की दिशा में यह बैठक एक महत्वपूर्ण पहल है। इसमें भाग लेना गर्व और जिम्मेदारी दोनों है।”
आने वाले समय में नीति निर्धारण में मिलेगी दिशा
इस बैठक को राज्यों के बीच नीतिगत समन्वय और समस्याओं के साझा समाधान के लिहाज से एक महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है। इससे राज्य सरकारों को विकास और प्रशासन से जुड़ी चुनौतियों से सामूहिक रूप से निपटने की रणनीति बनाने में सहायता मिलेगी।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8208798
Total views : 8248812