जे.के. मिश्र, जिला ब्यूरो चीफ, नवभारत टाइम्स 24×7, बिलासपुर
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, बिलासपुर ने सोमवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए दिव्यांगजनों, 60 वर्ष से अधिक आयु के कर्मचारियों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त अधिकारियों/कर्मचारियों को आगामी निर्वाचन कार्य से मुक्त रखने की मांग की।
संघ के अध्यक्ष रामकुमार यादव और सचिव किशोर शर्मा ने बताया कि फरवरी माह में स्थानीय शहरी एवं त्रिस्तरीय पंचायत निकायों का चुनाव आयोजित किया जाना है। निर्वाचन कार्य के दौरान इन वर्गों के कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। इसके मद्देनजर संघ ने इन कर्मचारियों को निर्वाचन कार्य से छूट देने की मांग की।
संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से भेंट कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए एक अलग प्रकोष्ठ का गठन करने की भी मांग की। चर्चा के दौरान कलेक्टर ने मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
संघ के प्रतिनिधिमंडल में रामकुमार यादव, किशोर शर्मा और संजय शुक्ला सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
संघ के सचिव किशोर शर्मा ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि इस कदम से संबंधित कर्मचारियों को राहत मिलेगी और उनकी स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यान में रखते हुए न्यायसंगत निर्णय लिया जाएगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8227572
Total views : 8272715