
(स्वपना माधवानी) : गुंडरदेही विकासखंड अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, चिचबोड़ में नवाचारी शिक्षण गतिविधि के अंतर्गत विज्ञान मेला का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करना और उन्हें विज्ञान के वास्तविक जीवन में उपयोगों से परिचित कराना था।
इस विज्ञान मेले में बच्चों ने अपने दैनिक जीवन में विज्ञान की विभिन्न उपयोगिताओं को दर्शाते हुए कई प्रकार के अनोखे विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए। बच्चों द्वारा प्रदर्शित प्रमुख मॉडलों में चंद्रयान (अनुज), ज्वारीय ऊर्जा से विद्युत उत्पादन (भेशकुमारी पटेल), ज्वालामुखी (विभाष), स्मार्ट डस्टबिन (नोमिता), जल फिल्टर (गरिमा), ग्रीन हाउस (कृष्णा), पवन ऊर्जा (टिकेश), इंद्रधनुष (विनिता), वायुमंडल की परतें (तानिया) सहित 42 विभिन्न प्रकार के विज्ञान मॉडल शामिल थे। इन मॉडलों ने बच्चों के नवीन दृष्टिकोण और विज्ञान के प्रति उनके जुनून को उजागर किया।

विज्ञान शिक्षिका मधु नेताम, द्रोणकुमार सार्वा, और गणित शिक्षक मुकेश साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले का निरीक्षण प्रधानपाठक संदीप जोशी ने किया। उन्होंने बच्चों को वैज्ञानिक सोच और ‘कबाड़ से जुगाड़’ के विचार को अपनाने के लिए प्रेरित किया और उन्हें इस प्रयास के लिए बधाई दी। साथ ही, अन्य छात्रों को भी इस प्रदर्शनी से प्रेरणा लेकर नए-नए नवाचार करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस आयोजन में छात्रसंघ प्रमुख जानवी महिपाल, विज्ञान क्लब प्रभारी मानसी और विभास का विशेष योगदान रहा। मेले के समापन पर विद्यालय द्वारा सभी विद्यार्थियों और उपस्थित अतिथियों के लिए दीवाली के पूर्व न्योता भोज का आयोजन भी किया गया।

रिपोर्ट: इस सफल विज्ञान मेले से बच्चों के भीतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार के प्रति रुचि जागृत हुई है, जो उनके शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8168363
Total views : 8195979