(जे के मिश्रा ) बिलासपुर— ग्रामीण बैंक। डीपुपरा के प्रबंधक ने बताया कि हाल ही में एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक महिला के नाम से बैंक में खाता खोला गया, और पूर्व विधायक मोहित केरकेट्टा ने इस खाते में 20 लाख रुपये जमा कराए। मामला सामने आने के बाद बैंक और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह रकम जालसाजों के हाथ से बचाई जा सकी।
फर्जी आधार कार्ड से खुलवाया खाता
26 जून को राज्य ग्रामीण बैंक की तोरवा शाखा में “माला सोमावार” नाम की महिला के नाम पर खाता खोला गया था। इस खाते के गवाह बैंक के रिकवरी एजेंट सिद्धार्थ शर्मा और कुलदीप पांडेय थे। खाते में पूर्व विधायक मोहित केरकेट्टा ने 20 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर किए थे। लेकिन कुछ दिनों बाद जब मोहित को शक हुआ, तो उन्होंने बैंक से संपर्क कर खाता होल्ड करवाया।
बैंक प्रबंधन ने जब खाता और दस्तावेजों की जांच की, तो पता चला कि माला सोमावार के नाम पर प्रस्तुत किए गए आधार कार्ड फर्जी थे। इस घटना की जानकारी मिलते ही बैंक प्रबंधक ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
महिला ने 25 हजार के लालच में की जालसाजी
जांच में यह सामने आया कि जिस महिला के नाम पर खाता खुला था, वह असल में तखतपुर क्षेत्र की दुरपति बडकर थी। उसे गांव के ही रवि नवरंग नाम के व्यक्ति ने 25 हजार रुपये का लालच दिया था और कहा था कि वह माला सोमावार बनकर बैंक में खाता खोले। महिला ने लालच में आकर अपने असली आधार कार्ड के जरिए यह खाता खुलवा लिया था। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और रवि नवरंग की तलाश में जुटी है। माना जा रहा है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।
जमीन दलालों की धोखाधड़ी से बच गए पूर्व विधायक
पूर्व विधायक मोहित केरकेट्टा, जो नेहरू नगर के निवासी हैं, ने बताया कि उन्होंने उसलापुर में एक जमीन खरीदने के लिए जमीन दलालों से संपर्क किया था। दलालों के कहने पर ही उन्होंने माला सोमावार के नाम पर खोले गए खाते में 20 लाख रुपये जमा किए थे। जब उन्हें इस खाते की सच्चाई का पता चला, तो उन्होंने तुरंत बैंक और पुलिस से संपर्क किया, जिससे उनके पैसे बच गए।

पुलिस की जांच जारी
पुलिस ने धोखाधड़ी और कूटरचना की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। महिला के बयान के आधार पर मुख्य आरोपी रवि नवरंग की तलाश जारी है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं और जल्द ही अन्य गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8184008
Total views : 8216724