(जे के मिश्र, ) बिलासपुर: तखतपुर ब्लॉक के निगारबंद मिडिल स्कूल के एक शिक्षक को प्रधान पाठक के साथ बदसलूकी और गैरहाजिर रहते हुए फर्जी हाजिरी बनाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। शिक्षक भोलादेव ध्रुव पर यह आरोप है कि वह बिना पूर्व सूचना के कई दिनों तक स्कूल से अनुपस्थित रहता था और बाद में अपनी हाजिरी बनाने के लिए दबाव डालता था।
मामला तब सामने आया जब तहसीलदार तखतपुर ने स्कूल का निरीक्षण किया और प्रधान पाठक ने इस अनियमितता की जानकारी दी। तहसीलदार की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए संयुक्त संचालक शिक्षा ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
लगातार रहता था गायब, करता था गाली-गलौज

तहसीलदार की जांच में पाया गया कि भोलादेव ध्रुव 12 सितंबर से बिना किसी पूर्व सूचना के स्कूल से गायब था। प्रधान पाठक ने तहसीलदार को बताया कि यह शिक्षक अक्सर स्कूल से अनुपस्थित रहता है और बाद में अपनी हाजिरी पर हस्ताक्षर करने के लिए प्रधान पाठक पर दबाव डालता है। जब प्रधान पाठक ने इसे रोकने की कोशिश की, तो शिक्षक ने गाली-गलौज और मारपीट की।
पहले भी कर चुका है ऐसा व्यवहार
यह पहली बार नहीं है जब इस शिक्षक के खिलाफ शिकायत आई है। 18 जुलाई 2023 से 25 जुलाई 2023 तक भी वह स्कूल से गायब रहा था और जब प्रधान पाठक ने छुट्टी दर्ज की, तो उसने 26 जुलाई को गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की थी। इसके अलावा, 2016 में भी वह कई दिनों तक बिना सूचना के अनुपस्थित रहा था और उन दिनों का वेतन काटा गया था।
तत्काल प्रभाव से निलंबन
शिक्षक भोलादेव ध्रुव का यह व्यवहार छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के खिलाफ है। इसे गंभीर कदाचार मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अब उसका मुख्यालय तखतपुर के विकास खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में रहेगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8167610
Total views : 8194929