(गौतम बाल बोंदरे) : बिलासपुर। केंद्रीय विद्यालय की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रसार एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से केन्द्रीय विद्यालय बिलासपुर में विद्यार्थी परिषद का पदारोहण एवं अलंकरण समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय में अनेक कार्यक्रम हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं प्राचार्य अर्चना मर्सकोले।
सर्वप्रथम दीप प्रज्ज्वलन हुआ एवं विद्यार्थियों के समूह ने शानदार स्वागत गीत प्रस्तुत किया। क्रीड़ा शिक्षक संतोष कुमार लाल के निर्देशन में अत्यंत विशिष्ट अंदाज़ में अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह हुआ।
प्राचार्य ने विद्यार्थी परिषद के समस्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।
ड्रम की कर्णप्रिय एवं प्रेरणादायक धुन बढ़े चलो- बढ़े चलो ने सब में उत्साह एवं उमंग का संचार किया।
सभी पदाधिकारियों को शैश एवं बैच पहनाए गए। यह दृश्य अत्यंत मनोहारी एवं उत्साहवर्धक था।
सबसे पहले विद्यालय के छात्र प्रमुख अक्षय आनंद एवं छात्रा प्रमुख समृद्धि शर्मा ने शपथ ली।
तत्पश्चात विद्यालय के उपकप्तान के रूप में ओम डिकसेना एवं संस्कृति सिंह ने शपथ ली।
क्रीड़ा कप्तान बालक के रूप में शौर्य कुमार सिंह एवं स्कूल कैप्टन बालिका चुनी गईं दिव्या गौतम, जिन्होंने विभिन्न क्रीड़ा गतिविधियों में विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है।
इसके पश्चात चारों सदन – नभ सदन, धरा सदन, अग्नि सदन एवं जलवायु सदन के छात्र एवं छात्रा प्रमुख ने शपथ ली।
विद्यालय कप्तान अक्षय आनंद ने विद्यालय प्रमुख के रूप में समस्त विद्यार्थियों के हित में सदैव तत्पर रहकर कार्य करने का वचन दिया।
उन्होंने कहा कि छात्र परिषद प्रमुख के रूप में मैं विद्यालय की स्वच्छता व अनुशासन, गरिमा व सम्मान को सदैव ऊंचाइयों तक पहुंचाने हेतु प्रयत्नशील रहूँगा।
छात्रा प्रमुख समृद्धि शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद विद्यालय प्रशासन एवं विद्यार्थियों के मध्य एक सेतु एवं मध्यस्थ के रूप में कार्य करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं विद्यालय की सतत प्रगति हेतु हमेशा सकारात्मक भूमिका का निर्वहन करेगा।
प्राचार्य अर्चना मर्सकोले ने अपने आशीर्वचन में कहा कि आज का दिन अविस्मरणीय है। केन्द्रीय विद्यालय संगठन विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक गुणों के भाव भरने एवं उन्हें भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनाने हेतु प्रतिबद्ध है। विद्यार्थी परिषद के गठन से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता का विकास होगा। ये विद्यार्थी ही भविष्य में देश का नेतृत्व करेंगे एवं भारत को उन्नति के उच्चतम सोपानों तक ले जाएंगे।
उन्होंने विद्यार्थी परिषद के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन किरण राठौर एवं चंद्र कुमार जायसवाल ने किया। कार्यक्रम की सफलता में लैला कुमारी, सौमेन दास गुप्ता, एस डी सरजाल, शैलजा श्रीवास्तव, तारा यादव, उमेश कुर्रे, अनुपमा सिंह,जूही चक्रवर्ती, जे लाकरा, वर्षा विश्वकर्मा एवं विद्यालय के अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सराहनीय भूमिका निभाई।