
बिलासपुर : शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को एक बार फिर सख्त कार्रवाई की। अतिक्रमण प्रभारी प्रमिल शर्मा ने बताया कि पिछले एक महीने से लगातार अभियान चलाया जा रहा है, इसके बावजूद भी गोलबाजार और सदर बाजार के दुकानदारों पर इसका कोई असर नहीं हो रहा है।
बार-बार समझाइश के बावजूद भी इन क्षेत्रों के दुकानदार सड़कों पर अतिक्रमण करने से बाज नहीं आ रहे थे। इसको देखते हुए अतिक्रमण दस्ते ने देवकीनंदन चौक से गोलबाजार तक के सभी दुकानों के विज्ञापन बोर्ड जब्त कर लिए। इसके अलावा शहर की अन्य प्रमुख सड़कों से भी अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई।
सोमवार को देवकीनंदन चौक से गोलबाजार तक की कार्रवाई के दौरान सड़क पर रखे विज्ञापन बोर्ड जब्त किए गए और दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि अब यदि बाहर रखा सामान मिला तो उसे भी जब्त कर लिया जाएगा। श्रीकांत वर्मा मार्ग में गलत तरीके से पीली पट्टी के बाहर खड़ी गाड़ियों से जुर्माना वसूला गया। अतिक्रमण दस्ते की दूसरी टीम ने पूरे शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान जारी रखा।
इस दौरान नेहरू चौक से मुंगेली नाका चौक तक ठेले और गुमटियों को हटाया गया। मुंगेली नाका चौक से उसलापुर तक दुकानों द्वारा सड़कों पर लगाए गए अवैध बोर्ड को उखाड़ कर जब्त किया गया। बार-बार चेतावनी के बावजूद भी सड़कों पर दुकान लगाने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की गई और उनका सामान जब्त कर लिया गया।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165745
Total views : 8191778