कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सर्चिंग अभियान के दौरान जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से करीब 3 किलो वजनी प्रेशर कुकर IED बरामद किया गया। सुरक्षा बलों की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
जानकारी के अनुसार, छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोरखंडी और हिंदुर के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला पुलिस, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों को एक संदिग्ध प्रेशर कुकर दिखाई दिया। जांच करने पर उसमें IED होने की पुष्टि हुई। इसका वजन करीब 3 किलो बताया गया है।
IED मिलने के बाद बम निरोधक दस्ते (BDS) की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। सुरक्षा बलों की मुस्तैदी से नक्सलियों की संभावित साजिश नाकाम हो गई। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा बलों का सर्चिंग अभियान लगातार जारी है।
Author: Deepak Mittal








