करुणा सागर, सरायपाली। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा एंड-टू-एंड एवं वित्तीय जांच के साथ सोर्स पॉइंट और डेस्टिनेशन पॉइंट पर कार्रवाई करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम में जिले की पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग एवं निगरानी की जा रही है।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक गेरुआ रंग के आयशर माजदा प्रो 3019 ट्रक क्रमांक MH 45 AE 9708 में अवैध मादक पदार्थ गांजा भरकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने NH-53 मार्ग पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकेबंदी की।
कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का आयशर माजदा ट्रक वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने रोककर जांच की। वाहन में सवार व्यक्तियों ने अपना नाम गणेश शिंदे, पिता गौतम शिंदे, उम्र 35 वर्ष, निवासी आवडी, थाना मोहोल, जिला सोलापुर (महाराष्ट्र) तथा रविराज बालू सुडके, पिता बालू सुडके, उम्र 19 वर्ष, निवासी भिकवडी आडगांव, थाना विट्टा, जिला सांगली (महाराष्ट्र) बताया।
पुलिस द्वारा मुखबिर से प्राप्त सूचना के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों व्यक्ति संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने ट्रक के डाले में रखी तीन बोरियों में गांजा होना स्वीकार किया। वाहन की तलाशी लेने पर तीन बोरियों से गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गांजा जिला सोनपुर (ओडिशा) से लोड कर जिला सोलापुर (महाराष्ट्र) ले जा रहे थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से कुल 77.620 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 38,81,000 रुपये है, तस्करी में प्रयुक्त आयशर माजदा ट्रक क्रमांक MH 45 AE 9708, जिसकी कीमत 10,00,000 रुपये है तथा दो मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 14,000 रुपये है, जब्त किए हैं।
इस प्रकार पुलिस ने कुल 48,95,000 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 142/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(C) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोत तथा इसे प्राप्त करने वाले व्यक्तियों सहित पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है।
Author: Deepak Mittal









