एसिड अटैक का खुलासा: प्रेमी ने रची थी साजिश, दोस्त ने युवती पर फेंका एसिड

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

8 घंटे के भीतर बालोद पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

बालोद। शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले का पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर ने अपने स्कूल के दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर करीब तीन माह पहले हमले की साजिश रची थी। घटना के दिन यश के कहने पर करण ने युवती पर एसिड फेंका और मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया।

घटना के बाद आरोपी तांदुला डैम की ओर फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में तत्काल सर्च अभियान शुरू किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन और एसडीओपी विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को युवती के कथित प्रेमी यश सोनकर पर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान वह पुलिस को अलग-अलग कहानियां बताकर गुमराह करने का प्रयास करता रहा।

पुलिस के मुताबिक, कड़ाई से पूछताछ करने पर यश ने युवती से प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। युवती द्वारा दूसरे स्थान पर अफेयर और शादी के लिए तैयार नहीं होने से नाराज होकर उसने अपने दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर एसिड अटैक की योजना बनाई थी।

गणेश झांकी के दौरान वारदात की थी तैयारी

जांच में सामने आया कि यश ने 26 सितंबर को अपने दोस्त करण को बालोद बुलाया था। इसके बाद 27 सितंबर को दोनों ने एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई। हालांकि, उस समय कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण दोनों वारदात को अंजाम नहीं दे सके।

इसके बाद 5 अक्टूबर को मौका पाकर करण ने यश के कहने पर युवती पर एसिड फेंक दिया। घटना के बाद वह तांदुला बांध की ओर भाग गया और वहां से लिफ्ट लेकर झलमला, मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा।

कोंडागांव से पकड़ा गया दूसरा आरोपी

यश से पूछताछ के बाद पुलिस ने करण कुंजाम की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पूछताछ में घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है। उनके बताए अनुसार घटना में इस्तेमाल एसिड और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी

  • यश कुमार सोनकर, पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, वार्ड क्रमांक 11, ग्राम नेवारिकला, जिला बालोद।
  • करण कुंजाम, पिता दिनेश कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, वार्ड क्रमांक 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी सहित कोतवाली बालोद थाना स्टाफ और साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों को परेशान करने, पीछा करने या धमकी देने जैसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *