बालोद/कोंडागांव : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक का गंभीर मामला सामने आया है। छात्रा पुलिसकर्मी की बेटी बताई जा रही है। घटना में गंभीर रूप से झुलसी छात्रा का इलाज रायपुर में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, छात्रा आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी में आत्मानंद स्कूल के सामने एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन के कारण चीखने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, जिसमें आरोपी भागते हुए नजर आया। बालोद पुलिस ने आसपास के जिलों के पुलिस थानों को भी घटना की सूचना देकर आरोपी की तलाश तेज कर दी।
बालोद पुलिस की सूचना पर कोंडागांव पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को पकड़ लिया है। कोंडागांव थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सौरभ उपाध्याय के मुताबिक, छात्रा पर एसिड अटैक के संदिग्ध दो आरोपियों को महिंद्रा बस से पकड़ा गया। इनमें करण कुंजाम पिता दिनेश कुंजाम और एक महिला आरोपी शामिल हैं। इसकी सूचना बालोद पुलिस को दे दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस की टीम कोंडागांव के लिए रवाना हो गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
फिलहाल छात्रा पर हमला किस वजह से किया गया, आरोपी ने किस तरह के एसिड का इस्तेमाल किया और वारदात में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद सामने आएगा। बालोद पुलिस मामले का विस्तृत खुलासा बाद में करेगी।
Author: Deepak Mittal









