सरपंच की गाड़ी में तोड़फोड़, थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल; मौके पर अतिरिक्त बल तैनात
रायपुर। खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित अदानी फैक्ट्री में मजदूरों के बीच विवाद के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विवाद ने देखते ही देखते बलवे का रूप ले लिया। घटना में फैक्ट्री परिसर में तोड़फोड़ किए जाने की सूचना है। वहीं, स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला किया गया, जिसमें खरोरा थाना प्रभारी (TI) समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री परिसर में शराब बिक्री को लेकर मजदूरों के बीच विवाद शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों की ओर से गांव में शराब बिक्री का विरोध भी किया जा रहा था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक हो गया।
बलवे के दौरान रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी में तोड़फोड़ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। फैक्ट्री परिसर में भी उपद्रवियों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने की सूचना है।
घटना की सूचना मिलने के बाद खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस टीम पर भी हमला किया गया, जिसमें थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल बताए जा रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने इलाके में स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। विवाद की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
Author: Deepak Mittal









