53.60 लाख के स्क्रैप और 68 लाख के वाहन जब्त, कुल जब्ती करीब 1.21 करोड़ रुपये
रायगढ़, 26 सितंबर। चोरी के माल की खरीद-बिक्री, परिवहन और खपत पर रोक लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने अवैध कबाड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में छह वाहनों से कुल 129.840 टन लोहे-टीन एवं अन्य स्क्रैप जब्त किया है। जब्त स्क्रैप की कीमत करीब 53.60 लाख रुपये, जबकि छह वाहनों की कीमत करीब 68 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल जब्ती करीब 1.21 करोड़ रुपये की है।
पुलिस के अनुसार, सभी वाहनों के चालकों से स्क्रैप के परिवहन और उसके स्रोत से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। संदेह के आधार पर पुलिस ने स्क्रैप और वाहनों को जब्त कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।
पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को सूचना मिली थी कि 14 चक्का ट्रक क्रमांक UP63AT2054 में टीन, लोहे के टुकड़े, राड और वाहनों के पार्ट्स का स्क्रैप लोड कर पूंजीपथरा स्थित प्लांट में खपाने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने रायगढ़ रोड स्थित स्केनिया प्लांट के पास ट्रक को रोककर जांच की।
तलाशी में ट्रक से करीब 23.990 टन स्क्रैप, जिसकी कीमत करीब 8.49 लाख रुपये, बरामद हुआ। ट्रक की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। चालक राकेश गिरी (32) निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश ने स्क्रैप सरगुजा से लोड कर लाने की जानकारी दी, लेकिन उसके पास परिवहन और स्क्रैप से संबंधित आवश्यक दस्तावेज नहीं थे। संबंधित प्लांट से संपर्क करने पर भी प्रवेश आदेश एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।
पुलिस ने चोरी के माल की आशंका में ट्रक और स्क्रैप जब्त कर चालक राकेश गिरी के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) BNSS एवं 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की है।
नाकेबंदी में पांच और वाहन पकड़े
इसी दौरान पूंजीपथरा-तमनार चौक पर नाकेबंदी कर पुलिस ने पांच अन्य वाहनों की जांच की। इन वाहनों से कुल 105.850 टन स्क्रैप बरामद हुआ।
- CG14MF0223 से 18.350 टन स्क्रैप, कीमत करीब 7.70 लाख रुपये।
- OD05R7085 से 24.830 टन स्क्रैप, कीमत करीब 10.55 लाख रुपये।
- CG22U3873 माजदा से 13.040 टन स्क्रैप, कीमत करीब 5.77 लाख रुपये।
- OD29D4325 से 25.510 टन स्क्रैप, कीमत करीब 10.84 लाख रुपये।
- OD19C4666 से 24.120 टन स्क्रैप, कीमत करीब 10.25 लाख रुपये।
पुलिस ने सभी वाहनों और स्क्रैप को जब्त कर लिया है। स्क्रैप के स्रोत, परिवहन और संभावित खपत के संबंध में आगे जांच की जा रही है।
कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, एएसआई उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र पैंकरा, राजकुमार पैंकरा तथा आरक्षक हेमसागर सागर, आदिकंद प्रधान और विनय तिवारी की भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरी के माल की खपत, अवैध कबाड़ के परिवहन और संदिग्ध कबाड़ कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। बिना वैध दस्तावेजों के संदिग्ध स्क्रैप का परिवहन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में वाहन मालिक, परिवहनकर्ता और माल की खपत से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
Author: Deepak Mittal









