दिल्ली-एनसीआर के संवेदनशील ठिकानों के वीडियो पाकिस्तान भेजने वाले 6 जासूस गिरफ्तार, एक महिला भी शामिल

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

गाजियाबाद: Ghaziabad पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-एनसीआर के संवेदनशील स्थानों के फोटो और वीडियो बनाकर Pakistan भेजने वाले छह संदिग्ध जासूसों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी देश के खिलाफ बड़ी साजिश रच रहे थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह गिरोह पिछले एक साल में 50 से अधिक वीडियो और फोटो पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को भेज चुका है।

गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने शनिवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर भोवापुर तिराहा के पास से मेरठ के परतापुर निवासी सुहेल मलिक और भोवापुर निवासी प्रवीन, राज, शिवा तथा रितिक को गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ के बाद Anand Vihar बॉर्डर से संभल निवासी साने इरम उर्फ महक को भी पकड़ लिया गया।

आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन फोन में दिल्ली के रेलवे स्टेशनों और सैन्य ठिकानों से जुड़े कई फोटो और वीडियो मिले हैं।

सोलर कैमरों से भेजते थे लाइव वीडियो

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने दिल्ली के कुछ स्थानों पर आईपी सोलर कैमरे लगाए हुए थे, जिनके जरिए वहां की लाइव वीडियो पाकिस्तान भेजी जाती थी। फिलहाल आरोपियों ने दिल्ली में एक स्थान पर ऐसे कैमरे लगाए होने की जानकारी दी है। इसकी सूचना Delhi Police को दे दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि और किन जगहों पर ऐसे कैमरे लगाए गए थे।

वीडियो के बदले मिलते थे पैसे

सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान से मांग आने पर आरोपी संबंधित स्थानों पर जाकर फोटो और वीडियो बनाकर भेजते थे। इसके बदले उन्हें लोकेशन के आधार पर प्रति स्थान पांच से आठ हजार रुपये तक मिलते थे।

जांच में सामने आया है कि आरोपी करीब एक साल से पाकिस्तान में बैठे मास्टरमाइंड के संपर्क में थे। बातचीत मुख्य रूप से WhatsApp चैट के जरिए होती थी। फिलहाल पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से एक पाकिस्तानी नंबर मिला है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

शनिवार शाम सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment