अहमदाबाद: वेस्ट एशिया में जारी संघर्ष और एयरस्पेस प्रतिबंधों के बीच जेद्दा से इंडिगो की एक स्पेशल रिलीफ फ्लाइट करीब 200 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लेकर पहुंची। मंगलवार देर रात फ्लाइट ने सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड किया।
यह ऑपरेशन जेद्दा में फंसे भारतीयों की वापसी के लिए केंद्र सरकार की विशेष पहल का हिस्सा था।
परिवारों से मिलते ही छलके आंसू
एयरपोर्ट पर भावुक दृश्य देखने को मिले। कई दिनों की अनिश्चितता और डर के बाद जब यात्री भारतीय जमीन पर उतरे, तो परिजन उन्हें गले लगाकर रो पड़े। लौटे यात्रियों ने भारत सरकार और भारतीय दूतावास का आभार जताया।
एक यात्री ने कहा, “भारत लौटते ही हमें सुकून मिला। सरकार ने हमारी सुरक्षित वापसी के लिए जो इंतज़ाम किए, उसके लिए हम धन्यवाद देते हैं।”
दूसरे यात्री ने कहा, “एम्बेसी ने हमारी बहुत मदद की। हमें नहीं पता था कि हम घर कैसे लौटेंगे।”
कई यात्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का नाम लेकर आभार व्यक्त किया। एक बुज़ुर्ग हज यात्री ने कहा, “हम एयरपोर्ट पर फंसे हुए थे, सरकार ने बहुत मेहनत की।”
एयरलाइंस की रिलीफ सेवाएं जारी
इस बीच Air India और Emirates समेत अन्य एयरलाइंस ने भी खाड़ी देशों से भारतीय यात्रियों को निकालने के लिए विशेष सेवाएं शुरू की हैं।
मंगलवार को एयर इंडिया की एक फ्लाइट दुबई से यात्रियों और क्रू को लेकर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंची। यह एयरस्पेस रुकावट के बाद राष्ट्रीय राजधानी में किसी भारतीय एयरलाइन की पहली अंतरराष्ट्रीय लैंडिंग थी।
Dubai Airports ने पुष्टि की है कि 2 मार्च की शाम से दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सीमित उड़ान संचालन फिर से शुरू हो गया है।
संघर्ष के कारण उड़े थे संकट के बादल
गौरतलब है कि 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इज़राइल के संयुक्त हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया था। जवाब में तेहरान ने खाड़ी देशों को निशाना बनाया, जिसके चलते वेस्ट एशिया के कई देशों में एयरस्पेस बंद कर दिया गया और बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
हालात अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं, लेकिन क्षेत्रीय तनाव अभी भी बना हुआ है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162953
Total views : 8187580