मिल के मुंशी ने 10 रुपए के लालच में गंवाए डेढ़ लाख, चोरों ने ऐसे दिया चकमा
नव भारत टाइम्स 24 x 7 के ब्यूरो चीफ जे.के. मिश्रा की रिपोर्ट:
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक चौंकाने वाली खबर आई है, जहां एक मिल के मुंशी ने 10 रुपए उठाने के चक्कर में डेढ़ लाख रुपए गंवा दिए। इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया है।
ओम राइस मिल में काम करने वाले मुंशी दिलीप सिंह ने बताया कि रोज की तरह बैंक के समय में वह पंजाब नेशनल बैंक से 1 लाख 50 हजार रुपए लेकर केरा रोड की ओर जा रहे थे। उन्होंने बैग को बाइक के हैंडल पर लटकाया हुआ था। जब वे रजनीश बुक डिपो के पास पहुंचे, तो सड़क पर पड़े 10 रुपए का नोट देखकर उन्हें लगा कि शायद वह उनका ही गिरा हुआ नोट है।
जैसे ही उन्होंने 10 रुपए का नोट उठाने के लिए बाइक को खड़ा किया और बैग को वहीं छोड़ दिया, उसी समय अज्ञात चोर ने उनके बैग को चुरा लिया। यह सब चंद सेकंड में ही हो गया और जब तक दिलीप सिंह वापस आए, तब तक बैग गायब हो चुका था।
पीड़ित दिलीप सिंह ने तुरंत सिटी कोतवाली थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। बैंक के सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे दिलीप सिंह ने पहचाना। पुलिस अब उस संदिग्ध की तलाश में जुट गई है।
यह घटना एक सबक है कि कभी भी सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, खासकर जब बड़ी रकम की जिम्मेदारी हो। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8168207
Total views : 8195744