नई दिल्लीः पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में गुरुवार रात निधन हो गया। उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) लाया गया था। वे घर पर बेहोश हो गए थे। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक, उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां रात 9:51 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। वे लंबे समय से बीमार थे। उनके निधन पर सरकार ने सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। पूर्व पीएम के निधन के बाद कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार के अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। निधन के बाद देर रात मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर एम्स से उनके आवास पर लाया गया। कल उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने X पर एक पोस्ट में लिखा कि भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ। मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मना रहा है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर काम किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। संसद में उनके हस्तक्षेप भी बहुत ही व्यावहारिक थे, हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।
मैंने अपने गुरु को खो दिया: राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने मनमोहन सिंह के निधन पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, मनमोहन सिंह जी ने असीम बुद्धिमत्ता और निष्ठा के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने देश को प्रेरित किया। श्रीमती कौर और परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। मैंने एक गुरु और मार्गदर्शक खो दिया है। हममें से लाखों लोग जो उनके प्रशंसक थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165213
Total views : 8191091