निर्मल अग्रवाल ब्यूरो प्रमुख मुंगेली
मुंगेली – राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल देव के मार्गदर्शन में नगरीय निकाय आम निर्वाचन के तहत चुनावी प्रक्रिया जारी है। इसी कड़ी में आज जिला कलेक्ट्रेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में मुंगेली नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद और विभिन्न वार्डों में पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आबंटित किए गए और उन्हें निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री प्रदान की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेनका प्रधान और अपर कलेक्टर जी. एल. यादव ने सभी प्रत्याशियों से आदर्श आचरण संहिता का पालन करने और चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह से समझने की अपील की। इस दौरान उन्होंने बताया कि 11 फरवरी 2025 को एक ही ईवीएम मशीन से अध्यक्ष और पार्षद दोनों पदों के लिए मतदान होगा।
गौरतलब है कि नगर पंचायत पथरिया के वार्ड क्रमांक 05 और 07 तथा नगर पालिका लोरमी के वार्ड क्रमांक 10 और 17 से निर्विरोध पार्षद चुना गया है। वहीं जिले के नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के लिए 18 एवं पार्षद पद के लिए 247 उम्मीदवार चुनाव के मैदान पर है।
निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका मुंगेली अंतर्गत अध्यक्ष पद के लिए इंडियन नेशनल कांग्रेस से रोहित शुक्ला, भारतीय जनता पार्टी से शैलेश पाठक, शिवसेना से अम्मा गंगोत्री चंद्रवंशी और अब्दुल वहीद निर्दलीय चुनावी मैदान पर है। नगरपालिका मुंगेली अंतर्गत 22 वार्डो में पार्षद पद के लिए 57 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे है।
इसी तरह नगर पालिका लोरमी अंतर्गत अध्यक्ष पद के लिए इंडियन नेशनल कांग्रेस से अनिल दास गुड्डू राजा, भारतीय जनता पार्टी से सुजीत वर्मा और निर्दलीय से प्रदीप सेन चुनाव लड़ रहे हैं। नगर पालिका लोरमी अंतर्गत 18 वार्डो से पार्षद पद हेतु 38 अभ्यर्थी चुनाव में भाग ले रहे हैं। नगर पंचायत सरगांव अंतर्गत अध्यक्ष पद के लिए इंडियन नेशनल कांग्रेस से नेहरू साहू, भारतीय जनता पार्टी से परमानंद धनुष राम साहू और निर्दलीय से राजीव तिवारी चुनाव के मैदान पर है।
नगर पंचायत सरगांव अंतर्गत 15 वार्डों से पार्षद पद हेतु 36 अभ्यर्थी चुनाव के लिए मैदान पर है। नगर पंचायत पथरिया अंतर्गत अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी से हुलसी रघु वैष्णव और इंडियन नेशनल कांग्रेस से उषा ग्वाल दास अनंत चुनाव में भाग्य आजमा रहे है। पथरिया नगर पंचायत के 15 वार्डों से पार्षद पद हेतु 34 अभ्यर्थी चुनाव के मैदान में उतरे है।
नगर पंचायत जरहागांव से अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी से रूपाली वेद प्रकाश कश्यप, इंडियन नेशनल कांग्रेस से सत्यवती रामचंद्र साहू और निर्दलीय से हर्षिता खुजीराम साहू चुनाव के मैदान पर है। जरहागांव नगर पंचायत के 15 वार्डों से पार्षद पद के लिए 44 उम्मीदवार चुनाव के मैदान पर है।
नगर पंचायत बरेला अंतर्गत अध्यक्ष पद के लिए इंडियन नेशनल कांग्रेस से जीवराखन पटेल, भारतीय जनता पार्टी से नरेश पटेल और निर्दलीय से कृष्ण कुमार यादव चुनाव के मैदान पर है। इसके साथ ही बरेला नगर पंचायत के 15 वार्डों से पार्षद पद के लिए 38 उम्मीदवार चुनाव अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8153719
Total views : 8173068