स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित हों युवा – राज्यपाल रमेन डेका

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

 

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

नई दिल्ली – राष्ट्रीय युवा दिवस पर नई दिल्ली के रामकृष्ण मिशन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल रमेन डेका ने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक विचारों से सीखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अपने विचारों और कार्यों से भारतीय युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाने के लिये प्रेरित किया है। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के विचारों को साझा करते हुये उन्होंने कहा कि आज के युवा आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ सकते हैं।

स्वामीजी ने कहा था – दुनियां को चरित्र की आवश्यकता है , वह चरित्र जो प्रेम और निःस्वार्थता से परिपूर्ण हो और ऐसा प्रेम हर शब्द को बिजली की तरह प्रभावी बना देता है।राज्यपाल ने स्वामी विवेकानंद द्वारा युवाओं के लिये दिये गये आह्वान का जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि एक लाख पुरुष और महिलायें , जो पवित्रता , साहस और सेवा की भावना से परिपूर्ण हों , देश के कोने-कोने में जाकर समाजोन्नति और समानता का संदेश फैलायें। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के शिकागो धर्म संसद में दिये गये ऐतिहासिक भाषण की भी चर्चा की , जिसने पूरी दुनियां को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता की शक्ति का एहसास कराया।

राज्यपाल डेका ने युवाओं को संबोधित करते हुये कहा – भारत एक युवा राष्ट्र है और इसे सही दिशा में ले जाने के लिये युवाओं की ऊर्जा को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरित करना आवश्यक है। उनकी शिक्षायें हमें ना केवल व्यक्तिगत विकास के लिये प्रेरित करती हैं , बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी का बोध भी कराती हैं। कार्यक्रम में भारत के अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणि , सांसद बांसुरी स्वराज , भारतीय खाद्य निगम के महानिदेशक आशुतोष अग्निहोत्री , रामकृष्ण मिशन नई दिल्ली के सचिव स्वामी सर्वलोकानंद भी उपस्थित थे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *